पुंछ। जिला युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग की तरफ से फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत नगर में बुधवार को फ्रीडम रण का आयोजन किया गया। इसमें नगर के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों, बच्चों एवं आम लोगों ने भाग लेते हुए दौड़ लगाई। इस अवसर पर सभी ने कोरोना से बचाव के सभी उपायों को अपना रखा था।
सुबह सात बजे नगर के मोहल्ला पुरानी पुंछ स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर सैकड़ों की संख्या में युवा खिलाड़ी, बच्चे और आम नागरिक एकत्र हुए। जहां उपायुक्त राहुल यादव बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे और फ्रीडम रण को झंडी दिखा कर रवाना किया। इसके बाद सैकड़ों लोगों ने दौड़ शुरू की। जोविभिन्न क्षेत्रों से होती हुई स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंच कर संपन्न हुई। जहां फ्रीडम रण में भाग लेने वालों को संबोधित करते हुए राहुल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के सभी नागरिकों को फिट स्वस्थ रखने के लिए फिट इंडिया अभियान चला रखा है। ऐसे में इस कोरोना काल में यह और भी जरूरी हो जाता है कि हम सब लोग स्वस्थ रहने के लिए दौड़ लगाएं, कसरत करें। उसी की में आज इस फ्रीडम रण का आयोजन किया गया है। ताकि सभी लोग फिट रहें।