पुंछ। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को दूसरे दिन भी दिन भर रुक-रुककर हल्की बर्फबारी होती रही। निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ ही कुछ समय के लिए ओलावृष्टि भी हुई।
दो दिन से जारी बर्फबारी व बारिश से जिले में ठिठुरन बढ़ जाने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। इसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोग दिन भर घरों में बंद रह कर आग तापते रहे। निचले क्षेत्रों में भी बहुत कम संख्या में लोग घरों से बाहर निकले। शिक्षा संस्थानों में बच्चों की उपस्थिति भी अन्य दिनों के मुकाबले काफी कम रही। मंगलवार की तरह बुधवार को भी जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों उढीपुरा, नेडियां, बेलाबाला, सुल्तानपत्थरी, सिब, डोगरेयां, पोशाना आदि क्षेत्रों में दिन भर रुक-रुककर हल्की बर्फबारी होती रही। इसके चलते देर शाम तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीन से पांंच इंच तक बर्फ रिकॉर्ड की गई। इस बीच निचले क्षेत्रों में दिन भर बारिश होती रही, जबकि शाम पांच बजे के करीब निचले क्षेत्रों में कुछ पलों के लिए ओलावृष्टि भी हुई।