पुंछ जिले की तरुफ से मुगलरोड से बर्फ हटाए जाने के बाद पोशाना पोस्ट और पीर गली का दृष्य
- फोटो : POONCH
पुंछ। जिले के निचले क्षेत्रों में बरिश और पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते मुगलरोड चार दिनों से बंद पड़ी थी। इसे वीरवार को दोपहर बाद एक दिन पहले फिर से हुई गिरी बर्फ को हटाने के बाद यातायात के लिए खोल दिया गया। इसके चलते आज जिले की तरफ सेे दर्जन भर हल्के वाहनों को कश्मीर की तरफ जाने दिया गया।
मुगलरोड पर यातायात बहाल होने से कश्मीर के अस्पतालों में उपचार कराने वाले रोगियों, उनके परिजनों के साथ ही सेब और सब्जियों के कारोबार से जुड़े लोगों ने भी राहत की सांस ली। चार दिन के बाद मुगलरोड को फिर से खोल दिए जाने के बारे में मुगलरोड अथारिटी के असिस्टेेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रियाज अहमद और पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई के कार्यकारी असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मोहम्मद तारिक खान ने बताया लगातार खराब मौसम और बर्फबारी के चलते कड़े प्रयास किए जाने के बावजूद मुगलरोड पर यातायात बहाल नहीं हो पाया था। हालांकि बुधवार को कुछ घंटों के लिए मुगलरोड वाहनों की आवाजाही के लिए खोली गई थी। दोबारा बर्फबारी के चलते फिर से बंद हो गई थी। ऐसे में वीरवार सुबह से मौसम साफ होने के कारण हमने अपने कर्मचारियों और मशीनों को बर्फ हटाने के काम पर लगा दिया। वैसे भी बुध्वार को हुई ताजा बर्फबारी के बाद रात भर मौसम खराब रहने के कारण मुगलरोड पर कहीं पर भी पाला न गिरने के कारण हमें बर्फ हटाने का काम करने में आसानी रही। इसके चलते दोपहर तक हम छत्तापानी से पीर की गली तक बर्फ हटाने में सफल रहे। उसके साथ ही मुगलरोड पर हल्के वाहनों को चलने की अनुमति दे दी गई है। अब देखना यह है कि आगे कब तक मौसम साफ रहता है। हमने मुगलरोड को चालू रखने के लिए कई बड़ी एवं आधुनिक मशीनें पोशाना में तैनात कर दी हैं। ताकि कहीं पर किसी प्रकार का भूस्खलन अथवा अन्य अवरोध हो जाने पर मुगलरोड को तत्काल खोल दिया जाए।