पुंछ। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार को दूसरे दिन भी दिन भर बर्फबारी जारी रही। जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश होती रही। बारिश और बर्फबारी से एक तरफ जहां कंपकंपी बढ़ जाने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। उधर बर्फबारी से जिले के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों की अधिकतर संपर्क सड़कें बंद होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई। बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है।
सोमवार देर रात 12 बजे से ही जिले के निचले क्षेत्रों में पुंछ नगर और उसके आसपास के इलाकों, मेंढर और उसके आसपास के इलाकों में हर तरफ भारी बारिश होने लगी थी। जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों मंडी तहसील के सावजियां, लोरन, सुरनकोट तहसील के ऊंचाई वाले क्षेत्रों पोशाना, डोगरेयां, हिलकाका, देहरागली, मुगलमाड़ा आदि में भारी बर्फबारी होने लगी थी। जो मंगलवार दिन भर जारी रही। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों मंडी सावजियां, गगड़ियां, उढ़ीपुरा, गलीमैदान, डून्नूगाम के साथ ही लोरन बेलाबाला, लोरन डन्ना, लोरन सुतलान पथरी, सुरनकोट पोशाना, बफलेयाज राजोरी वाया देरा गली जैसी संपर्क सड़कें बंद हो गई हैं। इससे उपरोक्त क्षेत्रों का जिले के साथ ही देश एवं दुनियां के साथ संपर्क कट कर रह गया है।
हर तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। लगातार हो रही बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों ने जिला प्रशासन से राशन, मिट्टी के तेल, रसोई गैस उपल्बध कराने, बिजली जलापूर्ति व्यवस्था सही कराने के साथ ही सड़क से बर्फ हटाने की मांग की है। उधर पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई के एई तारिक अहमद खान ने कहा कि हमें जिला प्रशासन और चीफ इंजीनियर की तरफ से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की संपर्क सड़कों से बर्फ हटा कर यातायात बहाल करने के पहले से ही निर्देश हैं, जिस पर हमने मौसम विभाग की बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए सोमवार शाम से ही लोरन, सावजियां और सुरनकोट के कई क्षेत्रों में बर्फ हटाने की मशीनों को तैनात कर दिया। मंगलवार सुबह कुछ क्षेत्रों में सड़कों से बर्फ हटाने का अभियान भी चलाया गया, परंतु लगातार हो रही बर्फबारी से जिन सड़कों से बर्फ हटाने का काम अंजाम दिया गया था। वह फिर बंद हो गई है, जिन्हें कल फिर से बर्फ हटा कर यातायात योग्य बना दिया जाएगा।
------
लोगों ने पहाड़ों पर जाकर लिया बर्फबारी का आनंद
मेंढर। मेंढर सब डिवीजन और इसके आसपास के इलाकों में सोमवार रात से बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। बारिश से मंगलवार सुबह से ही बाजारों की रौनक गायब रही। सिर्फ जरूरी काम के लिए कुछ लोग बाजारों में आए। बारिश के बीच पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चलती रही हैं, जिससे लोगों को ठंड का अहसास होने लगा और बहुत से लोग जिनमें दुकानदार भी शामिल रहे, दुकानें बंद कर पहाड़ों की तरफ गए और बर्फबारी का आनंद लिया। मेंढर निवासी अंकित चंदन, रजत मैनी, मुंशी गुप्ता, राजेश कुमार और विष्णु चंदन ने कहा कि हमने ऊंचे स्थानों पर जाकर बर्फबारी में मस्ती की और पहली बार बर्फ पड़ते देखी। संवाद