पुंछ। जिले में इस बार भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी। और, न ही किसी प्रकार का कोई बड़ा आयोजन किया जाएगा।
नगर, कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में कोरोना से सुरक्षा के उपायों को अपनाते हुए भगवान के जन्मोत्सव के सांकेतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह कहना है जिला सनातन धर्म सभा के प्रधान सतीश सासन का, जो रविवार को नगर स्थित गीता भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर सतीश ने बताया कि जिले के सभी मंदिरों एवं धार्मिक संगठनों के साथ बैठक करने के उपरांत इस बात का निर्णय लिया गया है कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए इस बार भी जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कोई शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी। सर्व सनातन धर्म के अनुयाइयों से आग्रह है कि वह इस बार अपने घरों में ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाएं। या अपने घरों के निकट मंदिरों में कम संख्या में एकत्र होकर भगवान का दर्शन पूजन करें।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सभा की तरफ से हर वर्ष भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली जाती थी। इसमें जिले भर से 25 से 30 हजार लोग शामिल होते थे। उस शोभायात्रा को भी न निकालने का निर्णय लिया गया है। गीता भवन में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में रात नौ बजे से 12 बजे तक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों को अपनाते हुए चंद श्रद्धालु भाग लेंगे। प्रेसवार्ता में सनातन धर्मसभा के अन्य पदाधिकारी विजय पुरी, अमरीश कुमार और क्षेत्रपाल शर्मा भी उपस्थित थे।