जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास शनिवार को एक पुराना मोर्टार शेल मिला जिसे सेना ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। यह मोर्टार शेल पाकिस्तान की ओर से की गई सीमा पार गोलाबारी के दौरान दागा गया था जो जमीन पर गिरने के बाद फटा नहीं था।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:50 बजे सावजियां सेक्टर में एक अग्रिम चौकी के पास यह बिना फटा मोर्टार शेल देखा गया। इसके बाद सेना ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और लोगों की आवाजाही रोक दी। सूचना मिलने पर बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। दस्ते ने सावधानियां बरतते हुए मोर्टार शेल को निष्क्रिय कर दिया।