तीन स्तरीय सुरक्षा के साथ तीसरी आंख से भी रखी जा रही है पैनी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल की सोमवार से शुरू हुई राष्ट्र व्यापी श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा को लेकर पुंछ में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। यात्रा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिसमें पुलिस सीआरपीएफ के साथ सेना भी तैनात की गई है।
जिसके चलते यात्रा मैदान, दशनामी अखाड़ा मंदिर और पुंछ में स्थापित किए गए यात्री निवासों के आस पास सुरक्षा के लिए पुलिस, सीआरपीएफ और एसओजी को तैनात किया गया है। वहीं यात्रा मैदान की सीआरपीएफ का डाॅग स्क्वायड और पुलिस का बम स्क्वायड द्वारा दिन में कई बार उपकरणों एवं कुत्तों से सब स्थानों की जांच की जा रही है।
वहीं जम्मू से लेकर पुंछ स्थित श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा आधार शिविर और आधार शिविर से श्री बूढ़ा अमरनाथ मंदिर तक के रास्ते में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किए जाने के साथ ही तीसरी आंख अर्थात सीसीटीवी कैमरों को भी स्थापित किया गया है। जो आधुनिक और उन्नत तकनीक से लैस होने के साथ ही सोलर पावर से चलने वाले हैं जो 24 घंटे काम करते हैं। श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर डीआईजी राजोरी-पुंछ रेंज संंदीप वजीर का कहना है कि यात्रा के साथ साथ जहां यात्रा रुकती है, भोजन, चाय नाश्ता करती है। सब जगह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने के साथ पूरे रास्ते में सीसीटीवी से यात्रा, यात्रियों के साथ साथ हर आने जाने वाले पर भी नजर रखी जा रही है।