पुंछ। मंडी तहसील के गांव धड़ा फतेहपुर के निवासी वर्षों से खस्ताहाल सड़क से परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खस्ताहाल सड़क से उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों को हर दिन कई किलोमीटर पैदल आवाजाही करनी पड़ती है। जबकि इस सड़क पर चलने वाले वाहनों को भी भारी नुकसान हो रहा है।
खस्ताहाल सड़क के कारण नाम मात्र यात्री वाहन ही गांव की तरफ आते हैं। इसके कारण गांव में किसी के बीमार होने अथवा गर्भवती को प्रसव पीड़ा होने पर वाहन नहीं मिलते हैं। इसके कारण उन्हें कंधों पर उठाकर अस्पताल ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों की मांग है कि इस सड़क की हालत में सुुधार लाते हुए उसे पक्का किया जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो दशक पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया। उसके बाद आज तक इसकी तरफ देखा ही नहीं और न ही कभी इसकी मरमत का काम ही कराया गया है। इसके कारण सड़क जगह-जगह से टूट गई है। हर समय हादसों का खतरा बना रहता है। वहीं मंडी से धड़ा फतेहपुर के बीच कई वर्ष पहले वाहन चलाने के परमिट लेकर वाहन खरीदने वाले चालकों ने इस मार्ग पर वाहन चलाना ही बंद कर दिया है। क्योंकि खस्ताहाल सड़क की वजह से उनके वाहनों को हर दिन नुकसान पहुंच रहा था। वाहन चालकों का कहना है कि खस्ता हाल सड़क के कारण हम अगर दिन में पांच सौ रुपये कमाते थे तो गाड़ी का सात आठ सौ रुपये का नुकसान हो जाता था। ऐसे में वाहनों को हमने घरों पर ही खड़ा करना उचित समझा है अब जब सड़क सही होगी तो वाहन चलाएंगे।