पुंछ। जिले में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से सटे गांव बटवड़ी निवासी कई साल से खस्ताहाल एवं कच्ची सड़क के कारण परेशान हैं। कच्ची सड़क के कारण ग्रामीणों को हर दिन कई किलोमीटर पैदल चल कर गांव से बाहर आना जाना पड़ता है। वहीं आए दिन क्षेत्र में होने वाली पाकिस्तानी गोलाबारी में घायल होने वाले ग्रामीणों को कंधों पर उठा कर जान हथेली पर रख कर आना पड़ता है। उसके बाद समय पर गाड़ी या एंबुलेंस मिल गई तो घायल अस्पताल पहुंच जाएगा। नहीं तो बीच रास्ते में ही दम तोड़ देगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि दो दशक पहले गांव के सात किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शुरू किया गया था। इसमें आज तक केवल सड़क की कटाई का ही काम हो पाया है। पूरी सड़क कच्ची होने की वजह से इस पर गाड़ियां चलना तो दूर पैदल चलना भी कठिन होता है। बरसात के दिनों में यह सड़क दलदल में बदल जाती है। लोगों को भारी परेशानियां उठानी पड़ती है। ग्रामीणों की मांग है कि इस सड़क को जल्दी पक्का किया जाए।