पुंछ। मंडी तहसील के गांव धड़ा फतेहपुर के निवासी कई वर्ष से खस्ता हाल बनी मुख्य सड़क से बुरी तरह परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खस्ताहाल सड़क से उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों को हर दिन कई किलोमीटर पैदल आवाजाही करनी पड़ती है। जबकि इस सड़क पर चलने वाले वाहनों को भी भारी नुकसान हो रहा हैं।
खस्ता हालत सड़क के कारण नाम मात्र यात्री वाहन ही गांव की तरफ आते हैं। इसके कारण गांव में किसी के बीमार होने अथवा गर्भवती को प्रसव पीड़ा होने पर वाहन नहीं मिलते हैं। इसके कारण उन्हें कंधों पर उठा कर अस्पताल ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों की मांग है कि इस सड़क की हालत में सुुधार लाते हुए उसे पक्का किया जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो दशक पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया था। उसके बाद आज तक किसी ने इस की तरफ देखा ही नहीं। न ही कभी इसकी मरम्मत का काम ही कराया गया है। इसके कारण सड़क जगह-जगह से टूट गई है। इसके कारण हर समय हादसों की आशंका बनी रहती है।