पुंछ। जिले के नगर और उसके आस पास के क्षेत्रों में शनिवार शाम को घंटों तक चली तेज हवाओं और जोरदार बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इसके साथ ही पिछले तीन दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली।
शाम करीब साढ़े तीन बजे अचानक जिले भर में तेज हवाएं चलने लगीं। हवाओं के साथ आसमान में बादलों की जोरदार गरजना शुरू हुई और बारिश होने लगी। तब से शुरू हुई बारिश का सिलसिला शाम सात बजे तक बदस्तूर जारी रहा। गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों से जिले में तेज धूप के कारण भीषण गर्मी पड़ रही थी। जिससे तापमान 35 से 37 डिग्री तक पहुंच गया था। लोग गर्मी से परेशान होने लगे थे। अब जब बारिश हुई तो तापमान आठ से 10 डिग्री तक गिर गया है। लोगों का कहना है कि मई का महीना काफी अच्छा निकला, जिसमें केवल तीन ही दिन गर्मी का एहसास हुआ।