पुंछ। जिले में पिछले दो दिनों से निचले क्षेत्रों में जारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के बीच सोमवार को देर शाम जिले की मंडी और सुरनकोट तहसील में चली तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई। इसमें 18 के करीब सरकारी स्कूल और मकान मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि इस दौरान कहीं पर भी कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम जिले की सुरनकोट तहसील के दूरदराज के गांव हाड़ी मरहोट, मडा, कुंलाली, दरासांगला, लठूंग, डोडी, ईलियां, मंडी तहसील के बायला, मोरबन, चिखड़ी, अजमांबाद आदि क्षेत्रों में दो दिन से जारी बारिश के साथ ही तेज़ हवाएं चलने लगीं। सुरनकोट तहसील में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। तहसीलदार सुरनकोट अकबर हुसैन ने बताया कि अभी तक हमारे पास जो रिपोर्ट आ रही है, उसके अनुसार दो स्कूलों की इमारतों के साथ ही 12 के करीब मकानों की छतें उड़ गई हैं। अभी लगातार रिपोर्ट आ रही है। हमने सभी जोनल शिक्षा अधिकारियों को भी अपने अपने क्षेत्रों के स्कूलों को तेज हवाओं से हुए नुकसान की मंगलवार दोपहर तक विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
वहीं तहसीलदार मंडी आशिक हुसैन ने बताया कि मंडी तहसील में अभी तक आठ के करीब स्कूलों और मकानों की छतें उड़ने की रिपोर्ट आई है अभी दूरदराज के क्षेत्रों से रिपोर्ट आ रही है। वहीं हवेली तहसील में तेज़ हवाओं से हुए नुकसान की रिपोर्ट नहीं आई थी। गौरतलब है कि पुंछ जिले में पहाड़ी इलाकों में अधिकतर मकान और स्कूल टीन की छतों वाले बनाए जाते हैं जिसके कारण उन्हें तेज़ हवाओं से नुकसान पहुंचा है।