पुंछ। रविवार को दूसरे दिन भी जिले में निचले क्षेत्रों में दिन भर बारिश जारी रही। मुगलरोड पर मनासर मोड़ से पीर की गली तक हल्का हिमपात होता रहा। इसके चलते तीसरे दिन भी मुगलरोड को यातायात के लिए पूरी तरह बंद रखा गया। उधर निचले क्षेत्रों में जारी बारिश और पीरपंजाल की चोटियों पर होने वाले हिमपात से जिले के तापमान में अचानक भारी गिरावट आ गई। इसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोग दिन भर घरों में ही बंद रहे। गौरतलब है कि मौसम विभाग की तरफ से की गई भविष्यवाणी के चलते जिला प्रशासन की तरफ से शुक्रवार शाम से ही मुगलरोड को यातायात के लिए जिले की सुरनकोट तहसील के बहराम गल्ला से आगे पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इस बीच शनिवार को सुबह मुगलरोड पर पीर की गली और उसके आसपास हल्का हिमपात होने लगा। जबकि शनिवार देर शाम को करीब छह बजे से जिले के निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने लगी थी जोकि आज दिन भर भी जारी रही।