पुंछ। पीओजेके में 46 दिन बिताने के बाद चक्कां दा बाग के रास्ते पाकिस्तानी सेना और पीओजेके प्रशासन ने शबनम बी को वतन लौटा दिया है। दो दिन पहले शबनम की वापसी हुई। वीरवार देर शाम को पुलिस अधिकारी शबनम बी को अपने साथ लेकर भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित करमाडा क्षेत्र के उस स्थान पर पहुंचे और पूरे क्रम को दोहराया, जहां से 3 फरवरी 2024 को वह अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ पीओजेके चली गई थी। वहीं, पुलिस ने वीरवार देर शाम को करमाडा क्षेत्र से शबनम बी को नियंत्रण रेखा पार करवाने के मामले में तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में तैनात सेना के अधिकारियों की उपस्थिति में उस स्थान का नक्शा बनाया और उस पूरे क्रम को दोहराया। कैसे शबनम ने कड़ी सुरक्षा के बावजूद नियंत्रण रेखा पार की थी। हालांकि इस मामले को लेकर पुलिस की तरफ से किसी भी प्रकार की कोई जानकारी नहीं दी गई है।
पुलिस ने वीरवार देर शाम को जिले के भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित करमाडा क्षेत्र से शबनम बी को नियंत्रण रेखा पार करवाने वाले का पता लगाने के लिए तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। तीनों से पुंछ थाने पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों में मोहम्मद कबीर पुत्र मोहम्मद सैद, मोहम्मद कबीर पुत्र मोहम्मद शरीफ और जफीर अहमद पुत्र अब्दुल अजीज शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस की पूछताछ में शबनम ने किसी कबीर नामक व्यक्ति द्वारा उसे नियंत्रण रेखा पार करवाकर पीओजेके से आए उसके रिश्तेदार तक पहुंचाया था।