पुंछ। नगर के मोहल्ला पुरानी पुंछ में बहने वाली बेतार नदी में अवैध खनन कर पानी का रुख मोहल्ले की तरफ मोड़ दिए जाने से लोग खफा हैं। भड़के लोग वीरवार दोपहर को जुगल किशोर शर्मा, परमजीत सिंह और लोकेश कुमार शर्मा की अगुवाई में अतिरिक्त जिला विकास उपायुक्त पुंछ से उनके कार्यकाल में मिले। लोगों ने उनसे अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इससे पहले लोगों ने खनन माफिया के खिलाफ प्रदर्शन किया।
अतिरिक्त जिला विकास उपायुक्त ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर मोेहल्ला निवासियों ने कहा कि अगर कल तक खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई न की गई तो वह बेतार नदी पर बने पुल को जाम कर प्रदर्शन करेंगे। लोकेश कुमार, परमजीत सिंह और जुगल किशोर ने आरोप लगाया कि वर्ष 1992 और 2014 में बेतार नदी में आई बाढ़ से नदी ने मोहल्ला पुरानी पुंछ की तरफ खेतों के साथ ही कई घरों को नुकसान पहुंचाया था। उसके बाद बार-बार मांग करने पर भी मोहल्ले की तरफ कोई बांध तक नहीं बनाया गया और अब खनन विभाग और खनन माफिया की मिलीभगत से रात 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच जेसीबी मशीनें लगा कर खनन कर नदी का रुख मोहल्ले की तरफ मोड़ दिया गया है। इससे मोहल्ले को बह जाने का खतरा बन गया है।