जिले की मंडी तहसील के गांव चिखड़ीबन ने निवासियों ने मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने पर दो घंटों तक प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने प्रशासन से जल्द बिजली, पानी और राशन की सप्लाई सुचारु रूप से करने की मांग की।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे मंडी लोरन सड़क पर दर्जनों की संख्या में गांव चिखड़ीबन के ग्रामीण एकत्र हुए और सड़क के बीच पत्थर रख कर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्हें पिछले कई दिनों से राशन, बिजली, पानी आदि मूलभूत सुविधाएं नहीं मुहैया करवाई जा रही हैं, जिसके चलते उन्हें जीवन यापन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब कई बार सरकारी दफ्तरों का चक्कर लगाने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूरन प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले पांच दिनों के अंदर उनके क्षेत्र में बिजली, पानी और राशन की सप्लाई सुचारु रूप से बहाल नहीं हुई तो वे तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान मोहम्मद जावेद, नईम हुसैन, मुश्ताक अहमद आदि मौजूद रहे।