नगर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कराई जा रही महिला जिला हाकी प्रतियोगिता में पावर हाउस क्लब ने डिग्री कालेज क्लब को 4-2 से हरा कर जिला महिला हाकी का खिताब अपने नाम किया।
मंगलवार शाम को प्रतियोगिता का फाइनल मैच आयोजित किया गया। मैच की शुरूआत में पावर हाउस क्लब के खिलाड़ियों ने पहले दस मिनट में ही डिग्री कालेज पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और पहले हाफ के समाप्त होने तक डिग्री कालेज पर दो गोल दाग दिए।
हाफ खत्म होने से एक मिनट पहले डिग्री कालेज ने भी एक गोल दाग कर 2-1 पर मैच ला दिया। जैसे ही दूसरा हाफ शुरू हुआ तो डिग्री कालेज क्लब के खिलाड़ियों ने आपसी तालमेल से एक और गोल दाग कर 2-2 की बराबरी कर ली। परंतु पावर हाउस के खिलाड़ियों के शानदार खेल के चलते डिग्री कालेज के खिलाड़ी ज्यादा देर तक बराबरी बनाए न रख पाए।
जिस के चलते खेल समाप्त होने तक पावर हाउस क्लब ने डिग्री कालेज क्लब पर दो और गोल दाग कर 4-2 से मैच जीत लिया। इस प्रतियोगिता में जिला विकास आयुक्त मोहम्मद हारूण मलिक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जबकि मुकेश शर्मा, विजय कुमार ने रेफरी की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में शाम लाल शर्मा और नरेन्द्र सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज की।