लोग परेशान, लोक निर्माण विभाग पर लगाया लापरवाही बरतने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरबनी। शक्ति संस्थान सहित कन्या महाविद्यालय को तरफ जाने वाली सड़क की हालत 4-5 साल से खराब है, जिस कारण छात्रों सहित स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अनदेखी के कारण सडक में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। लोगों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द मरम्मत करवाने की गुहार लगाई है।
स्थानीय निवासी एवं दुकानदार रमेश कुमार, राजकुमार और पुष्कर लाल आदि ने बताया कि बारिश में गड्ढे में पानी और कीचड़ भरा रहता है। इस कारण वाहन गुजरने से लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग सुंदरबनी के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन आजतक कोई भी मरम्मत नहीं हुई है। दिन प्रतिदिन सड़क की हालत खराब होती जा रही है। लोगों ने जिला प्रशासन सहित लोग निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से जल्द सुध लेने की अपील की है। वहीं, जल्द कदम नहीं उठाने पर सड़क जाम की चेतावनी दी है।