महिला वर्ग के फाइनल में स्टेडियम इलेवन जम्मू को 3-1 से दी शिकस्त
बॉयज वर्ग में आज पुंछ इलेवन और एचएफडी एनसीआर सोनीपत में होगी खिताबी भिड़ंत
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। सेना की ओर से जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के सहयोग से आयोजित पहली बार्डर बैटल फील्ड प्रतियोगिता के तहत महिला वर्ग का फाइनल खेला गया। इसमें केके हक्कू क्लब जम्मू ने स्टेडियम इलेवन जम्मू को 3-1 से हरा कर खिताब पर कब्जा जमाया है। वहीं, बुधवार को बॉयज वर्ग का फाइनल मुकाबला पुंछ इलेवन और एचएफडी एनसीआर सोनीपत के बीच खेला जाएगा।
अंत में हुए समारोह में विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया गया। विजेता टीम ने सेना का आभार प्रकट करते हुए कहा कि पुंछ में राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता आयोजित कर प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल पुंछ के एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान पर हुए गर्ल्स फाइनल मुकाबले को देखने के लिए काफी संख्या में खेल प्रेमियों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में केके हक्कू क्लब की टीम शुरू से ही शानदार प्रदर्शन किया और पहले दस मिनट में ही पहला गोल दाग कर बढ़त ले ली। पहले हाफ के समाप्त होने के पहले केके हक्कू क्लब की टीम ने एक और गोल दाग कर बढ़त दो गोल की कर दी। दूसरे हाफ की शुरूआत में स्टेडियम इलेवन जम्मू की टीम ने एक गोल दाग कर मैच में वापसी का प्रयास किया। मैच खत्म होने से पहले केके हक्कू क्लब की टीम ने एक और गोल दाग कर 3-1 से प्रतियोगिता अपने नाम की।