पुंछ में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। बिजली विभाग ने मंगलवार को नगर में नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान दर्जनों अवैध कनेक्शन काटे और कई हीटर एवं बायलर जब्त किए गए। इस दौरान अवैध रूप से बिजली प्रयोग करने वालों से 1.52 लाख रुपये जुर्माना भी वसूला गया। साथ ही लोगों से बिजली का सही प्रकार प्रयोग करने की अपील की गई।
मंगलवार को नगर में बिजली विभाग एई अभिनव डाबर और एईई मोहम्मद फजल के नेतृत्व में विभाग के दर्जनों कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। साथ घरों, दुकानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अवैध रूप से लगाए गए बिजली के दर्जनों कनेक्शन काटते हुए तारें भी जब्त कीं। कई घरों में अवैध रूप से प्रयोग किए जा रहे बॉयलर और हीटर को जब्त करते हुए जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने बताया कि विभाग की तरफ से बिजली की चोरी रोकने और बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कई दिनों से लगातार अभियान जारी है।