प्रदेशस्तरीय अंतर-14 आयु वर्ग हॉकी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। नगर स्थित अस्टोटर्फ हाॅकी मैदान में आयोजित बालकों की अंतर-14 आयु वर्ग प्रदेशस्तरीय अंतर जिला हॉकी प्रतियोगिता में बारामुला को 3-0 से हराकर पुंछ जिला प्रदेश का विजेता बन गया। वहीं पुंछ के समरजीत सिंह ने बेस्ट प्लेयर आफ दा टूर्नामेंट का खिताब भी जीत लिया।
पिछले चार दिनों से आयोजित कराई जा रही इस प्रदेशीय हाॅकी प्रतियोगिता में केंद्रशासित जम्मू-कश्मीर के 11 जिलों की टीमें भाग ले रही थीं। लीग मैच के आधार पर आयोजित मुकाबलों में बुधवार को पुंछ और बारामुला के बीच फाइनल मैच का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं युवा कार्यक्रम विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
समापन समारोह की अध्यक्षता गतिविधि प्रमुख विजय कुमार और जिला युवा सेवं एवं खेल अधिकारी मोहम्मद कासिम ने की। स्टेडियम मैनेजर मुश्ताक अहमद मुख्य अतिथि रहे। फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा जिसमें पहले दो विराम तक एक भी टीम गोल नहीं दाग सकी। जबकि तीसरे विराम के पहले पुंछ ने एक गोल दागकर एक शून्य की बढ़त हासिल कर ली जिसके उपरांत बारामुला पर दबाव बनाते हुए पुंछ ने चौथे एवं अंतिम विराम के पहले लगातार दो गोल दाग कर 3-0 से जीत हासिल कर ली।
विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां, पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए और युवा खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।