पुंछ में किसान सम्मेलन को संबोधित करते भा ज पा किसाना मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ओमी खजूरिया
- फोटो : POONCH
पुंछ। भाजपा किसान मोर्चा की तरफ से वीरवार को नूनाबांडी और कनूईयां में किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसानों ने भाग लिया। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश मंत्री सुनील गुप्ता और जिला प्रधान मोहम्मद रफीक चिश्ती ने की। जबकि किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ओमी खजूरिया और प्रदेश महासचिव राम सिंह मुख्य अतिथि रहे।
ओमी खजूरिया ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के विकास एवं उत्थान के लिए वचन बद्ध है। नए कानून के बाद अब किसानों को अपनी खून पसीने से उगाई फसल को बेचने के लिए बिचौलियों, दलालों और साहूकारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। किसान अपनी फसल को अपनी मर्जी से देश के किसी भी कोने में किसी भी मंडी में अच्छे दामों पर बेच सकते हैं। ओमी खजूरिया ने कृषि बिल का विरोध करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग कृषि कानून का विरोध कर रहे हैं वह किसानों के दुश्मन हैं। उन्हें किसानों के आत्मनिर्भर बनने से तकलीफ हो रही है। ओमी खजूरिया ने केंद्र सरकार की तरफ से जम्मू-कश्मीर के हर नागरिक को आयुष्मान भारत में पांच-पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गरीब किसानों को काफी लाभ मिलेगा। इस अवसर पर अब्दुल क्यूम, चौधरी शफी मेलू आदि मौजूद रहे।