पुंछ। पुंछ और राजोरी जिलों सहित जम्मू प्रांत को घाटी से जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग मुगलरोड पर 25 सितंबर से आवाजाही बहाल हो जाएगी। इसके बाद पुंछ एवं राजोरी के लोग आसानी से मुगलरोड के रास्ते आवागमन कर सकेंगे। कश्मीर की तरफ से आने वाले यात्रियों को पुंछ जिले के बफलियाज में कोरोना टेस्ट करवाने के बाद आगे के सफर की अनुमति मिलेगी। वहीं, कश्मीर की तरफ जाने वाले लोगों का हीरपुर में टेस्ट होगा। यह जानकारी मंगलवार देर शाम डीसी राहुल यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को मुगलरोड पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। वहीं, अंतर प्रांतीय आवाजाही के लिए लोगों को डिवकॉम जम्मू से मुगलरोड से यात्रा की अनुमति लेनी होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। गौरतलब रहे कि साल में सात-आठ माह मुगलरोड से कश्मीर की तरफ आवाजाही करने का मौका मिलता है। इससे सबसे अधिक लाभ पुंछ एवं राजोरी जिले के लोगों को मिलता है। इस बार कोरोना महामारी के चलते मुगलरोड से मई माह में बर्फ हटाने के बाद भी केवल कश्मीर की तरफ से सेब से लदे ट्रकों और खाली ट्रैंकरों को ही इस मार्ग का प्रयोग करने की अनुमती दी गई थी।