पुंछ। करीब 25 दिनों बाद सोमवार को प्रशासन की तरफ से लॉकडाउन में ढील दी गई, जिसके चलते जिले में लगभग सभी बाजार खुले। इससे काफी लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन, प्रशासन के बनाए नए नियमों से कुछ दुकानदार खुश नजर नहीं आए।
दरअसल, पहली शिफ्ट में खुलने वाली दुकानों को समय कम मिला है इसलिए दुकानदारों ने प्रशासन से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। दुकानदारों ने कहा है कि सब्जी, मांस, बेकरी, आदि की दुकानों को सुबह की शिफ्ट में केवल चार घंटों के लिए खोला जाता है। इतने कम समय में दुकानदारों का काम नहीं चल पाता और जल्दी दुकानें बंद हो जाने से ग्राहकों को भी परेशानी होती है। इसलिए, प्रशासन को इस पर विचार कर सुबह की शिफ्ट वाली दुकानों का समय बढ़ाना चाहिए। उधर, अनलॉक शुरू किए जाने के बावजूद प्रशासन की तरफ से कोरोना के प्रति सतर्कता बरतने और सामाजिक दूरी बनाए रखने पर जोर दिया जाता रहा।
सुंदरबनी के बाजारों में जुटी भीड़
सुंदरबनी। उपजिले में सोमवार से जरूरी सेवाओं वाली दुकानों के साथ 50 प्रतिशत दूसरी दुकानों को भी खोलने की अनुमति दी गई है। इससे दुकानदारों के साथ आम लोगों को भी राहत मिली है। सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक दुकानों को सम और विषम के आधार पर प्रति दिन खोला जाएगा। सुबह बाजार के खुलने पर कम संख्या में ही लोगों को देखा गया, लेकिन दस बजे के बाद जैसे-जैसे लोगों को बाजार खुलने की जानकारी मिली तो काफी संख्या में लोग बाजारों में पहुंचे और खरीदारी की। संवाद