बार एसोसिएशन पुंछ ने पुलिस के विरोध में किया हंगामा
अपमान करने वाले पीएसआई को निलंबन करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने मंगलवार को पुंछ न्यायालय परिसर में कामकाज ठप करके बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर जिला पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वकीलों ने एडिशनल सेशंस जज के साथ पुलिस दुर्व्यवहार करने वाले पीएसआई को निलंबित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी वकीलों का आरोप था कि पुंछ जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर एडिशनल सेशंस जज पुंछ की ओर आ रहे थे। कल्लर के पास पहुंचे तो एक पीएसआई ने उनकी गाड़ी रोक दी। आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने गाड़ी से चाबी निकाल ली और जज के साथ बेहद अपमानजनक और अनुचित व्यवहार किया।
जब जज ने गाड़ी रोकने का कारण पूछा, तो अधिकारी ने कहा कि उन्हें उच्च अधिकारियों से गाड़ी रोकने के निर्देश मिले थे। उसके बाद गाड़ी की तलाशी ली गई। आरोप है कि यह तलाशी बहुत अपमानजनक तरीके से ली गई और यह एक न्यायिक अधिकारी के प्रति पुलिस कर्मियों से अपेक्षित व्यवहार के अनुरूप नहीं थी।
प्रदर्शनकारी वकीलों ने एसएसपी, संबंधित एसएचओ और इसमें शामिल पीएसआई को तुरंत सस्पेंड करने और उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की भी मांग की है, जिसमें जरूरी सुरक्षा और प्रोटोकॉल न देने की बात भी शामिल है। बार एसोसिएशन ने इस घटना की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए न्यायलय की गरिमा के लिए एक जुटता की बात कही है।