नौशेरा। विभिन्न पंचायतों के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीडीओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। ठेकेदार विनोद कुमार निवासी लंगर पंचायत ने बताया कि जीरामजी योजना के तहत किया गया 53 लाख रुपये का काम पोर्टल से डिलीट करवाया गया है। काम मैंने करवाया। अब मुझे भुगतान कैसे होगा।
पूर्व सरपंच बिंदु चौधरी, पूर्व सरपंच बहादुर नाथ, पूर्व सरपंच सुखदेव सिंह ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि भारतीय संविधान की धजिया उड़ाई जा रही हैं। सरकार तक जिनकी पहुंच है उन्हीं के काम हो रहे हैं।
बीडीओ जब भी गांव में बैठक करते हैं तो बीजेपी के कार्यकर्ताओं व भाजपा के पूर्व सरपंचों को नहीं बुलाया जाता। उन्होंने कहा कि हम भ्रष्टाचार नहीं करने देंगे। नॉन प्लान के कामों का भुगतान हो जाता है। भाजपा मंडल प्रधान अजय चौधरी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जीरामजी के तहत करोड़ों रुपए पंचायत स्तर के कामों के लिए दे रही है। पिछले 70 सालों में इतना भ्रष्टाचार नौशेरा बीडीओ कार्यालय में नहीं हुआ जितना पिछले डेढ़ सालों में हो रहा है।
उन्होंने डीसी राजोरी व उपराज्यपाल से मांग की कि इसकी सीबीआई से निष्पक्ष जांच करवाई जाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि हमारे पास बीडीओ नौशेरा के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं।