राजोरी। राजोरी शहर व आसपास के इलाकों में बुधवार और वीरवार की मध्यरात्रि को शुरू हुआ बारिश का सिलसिला वीरवार को दिन भर जारी रहा। वहीं, पीर पंजाल के पहाड़ो पर बर्फबारी हुई। इससे जनजीवन प्रभावित रहा। कई संपर्क मार्ग कटे रहे, बिजली-पानी की आपूर्ति ठप होने के साथ की जगह फिसलन से यातायात भी बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार राजोरी के थन्नामंडी, दरहाल, बुद्धल और कंडी आदि इलाकों के पीर पंजाल के पहाड़ों पर 4 से 6 इंच और निचले इलाकों में दो से तीन इंच तक बर्फ पड़ी। पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई इलाकों का सड़क संपर्क कट गया है। बिजली और पानी की आपूर्ति ठप हो गई है।
बुद्धल को गबर, दंडोत, बथान से जोड़ने वाली सड़क और कोटरंका को जोड़ने वाली खवास, बडाल, गदयोग, खा जमोला आदि सड़कों पर बारिश के साथ फिसलन बढ़ गई। इसके चलते यातायात बीच बीच में कुछ घंटे तक बाधित रहा। वहीं पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आग का सहारा लेने के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिल रही है। राजोरी शहर में बारिश के साथ सड़कों पर जल भराव होने से भी लोगो को परेशानियों का सामना करना पड़ा।