खौड़ बाजार में सफाई करते बाजार एसोसिएशन के सदस्य।
- फोटो : jyodian news
ज्यौड़ियां। खौड़ नगरपालिका में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते खौड़ बाजार तथा कस्बे में गंदगी के ढेर से लोग काफी परेशान हो चुके हैं। रविवार को बाजार एसोसिएशन खौड़ ने खुद ही सफाई का जिम्मा संभाला और बाजार को चमका दिया।
इस मौके पर बाजार एसोसिएशन ने बताया कि बाजार में लगे गंदगी के ढेर से बहुत ही दुर्गंध फैल रही थी। बाजार में खरीदारों ने भी आना कम कर दिया था। इसके चलते बाजार एसोसिएशन के सभी लोगों की तरफ से शनिवार देर शाम बैठक का आयोजन किया। इसमें रविवार सुबह चार बजे सफाई करने का फैसला लिया। इसके आधार पर एसोसिएशन ने रविवार सुबह चार बजे सफाई का काम शुरू किया और बाजार को चमका दिया।
चेयरमैन रोहित महाजन ने बताया कि बाजार एसोसिएशन खौड़ के सभी 13 वार्डों को बारी-बारी से साफ करेगी। नगरपालिका खौड़ के पास अब हम प्रति माह जो सौ रुपये की पर्ची कटवाते हैं वह भी आज से बंद। रोहित महाजन ने बताया कि सरकार को सफाई कर्मचारियों के मसलों को जल्द हल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्थायी कर्मचारी हड़ताल पर हैं तो स्थायी कर्मचारियों को तो ड्यूटी पर लगाना चाहिए।