पुंछ। जिला मुख्यालय में भी जन्माष्टमी बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। जिला सनातन धर्म सभा पुंछ की तरफ़ से शुक्रवार शाम को गीता भवन से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें क्षेत्रों के मंदिरों की 25 से अधिक सुंदर झांकियों के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस शोभायात्रा में जिला विकास उपायुक्त पुंछ अशोक कुमार शर्मा, एसएसपी शफकत हुसैन बट्ट और एएसपी डॉ. अजय शर्मा के साथ बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। गीता भवन से शुरू हुई यह शोभायात्रा नगर के विभिन्न बाजारों, मोहल्लों और चौक चौराहों से होती हुई मोहल्ला डुंगस स्थित प्राचीन राधे श्याम मंदिर तक गई। यहां आरती के बाद नगर भ्रमण कर गीता भवन लौटी।