पिछले दरवाजे से 25000 लोगों को सरकारी नौकरियां देने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। जिले के मंडी तहसील मुख्यालय पर मंगलवार को पीडीपी की ओर से जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला एवं नेशनल कांफ्रेंस सरकार के खिलाफ जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पिछले दरवाजे से लोगों को नौकरियां देना बंद करने और पढ़े-लिखे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग की। वहीं, पीडीपी नेताओं ने प्रदेश सरकार पर प्रदेश में पिछले दरवाजे से 25000 लोगों को नौकरी देने का भी आरोप लगाया।
मंगलवार दोपहर को जिले के मंडी तहसील मुख्यालय पर बड़ी संख्या में पीडीपी कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने पार्टी जिलाध्यक्ष शमीम अहमद गनेई की अगुवाई में नेशनल कांफ्रेंस और अब्दुल्ला सरकार के खिलाफ जुलूस निकाला, जो कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए तहसील कार्यालय के बाहर पहुंचा।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए शमीम अहमद गनेई ने इस बात का आरोप लगाया कि जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश की उमर अब्दुल्ला सरकार ने नौकरी देने में मनमानी कर रही है। शमीम गनेई ने जम्मू कश्मीर सरकार से पिछले दरवाजे से नौकरी देना बंद करने और योग्य युवाओं को उनकी मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां देने की मांग की। इस अवसर कमलजीत सिंह, गुरमीत सिंह,पवन नौ कुमार और हकीम आदि मौजूद थे।