पुंछ जिले का गांव लोअर मड़ा जो तीन दशको तक आतंकियो का गढ था और विकास से वंचित था अब वहां दिखाई
साढे आठ करोड़ में बनेगी पांच किलो मीटर लंबी सड़क
पुंछ। जिले की सुरनकोट विधानसभा क्षेत्र से नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक चौधरी मोहम्मद अकरम ने शनिवार को दशकों तक आतंकवाद पीड़ित रहे पीर पंजाल के पहाड़ों में बसे दूरदराज के गांव लोअर मड़ा हिलकाका के लिए सीआरएफ योजना में सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया। इस उपलक्ष्य में लोअर मड़ा गांव के बाहर एक समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। समारोह की अध्यक्षता पीडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर इम्तियाज मीर ने की जबकि विधायक चौधरी मोहम्मद अकरम इसके मुख्य अतिथि रहे और फीता काट कर सड़क निर्माण के लिए कटाई का काम शुरू करवाया। करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। गांव के पूर्व नंबरदार जाकिर हुसैन, गुलाम हसन और मोहम्मद आजम का कहना है कि आतंकवाद के दोर में यह क्षेत्र विदेशी आतंकियों का गढ़ था। इसके चलते हमारे कई साथियों ने अपना बलिदान देते हुए सेना एंव पुलिस का सहयोग कर 2002 में इस क्षेत्र को आतंकवाद से मुक्त कराया लेकिन उसके बाद भी दो दशकों से अधिक समय बाद आज हमारी सड़क की मांग पर काम शुरू किया गया है। जिसके लिए हम क्षेत्र के विधायक का धन्यवाद अदा करते हैं।