पुंछ में धरना प्रदर्शन के उपरांत एसीआर को ज्ञापन सौंपते प्रदशनकारी।
- फोटो : punch news
पुंछ। जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को नेकां व केंद्र सरकार के खिलाफ पार्टी के जिला अध्यक्ष शाहनवाज हुसैन चौधरी की अगुवाई में जिला विकास उपायुक्त कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान राज्य सरकार पर 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने और स्मार्ट मीटर उखाड़ कर फेंकने का झूठा वादा करने का आरोप लगाया गया। कहा कि सरकार बनते ही दूर दराज के गांव तक स्मार्ट मीटर लगा कर गरीब जनता को एक हजार से दो हजार रुपये महीना बिजली का बिल भेजा जा रहा है। हम उमर सरकार से राज्य में लोगों को मुफ्त बिजली देने की मांग करते हैं। केन्द्र सरकार से पुंछ में मैडिकल कॉलेज खोलने और जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की। साथ ही मनरेगा योजना को बहाल करने की मांग को लेकर भी नारेबाजी की। इसके बाद एसीआर पुंछ मोहम्मद सैय्यद को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए उसे मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति तक पहुंचाने का आग्रह किया।