पुंछ। डीसी पुंछ विकास कुंडल ने शुक्रवार को जिले के मंडी तहसील मुख्यालय स्थित बूढ़ा अमरनाथ मंदिर का दौरा किया। इस दौरान उनके के साथ अतिरिक्त उपायुक्त ताहिर मुस्तफा मलिक, तहसीलदार मंडी अशफाक, यात्रा अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने तीर्थयात्रा के लिए मंदिर परिसर में सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा करने के लिए यात्रा प्रबंधन समिति के साथ बैठक की।
कुंडल ने निरीक्षण में यात्रा के कई प्रमुख पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया। इनमें आवास व्यवस्था, राशन आपूर्ति, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था शामिल हैं। उन्होंने पुंछ-मंडी मार्ग पर बुनियादी ढांचे का भी आकलन किया और पूरे तीर्थयात्रा मार्ग पर उचित स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं को बनाए रखने के महत्व पर बल दिया।
डीसी ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लंगर स्थल, शौचालय परिसर और स्नान घाट का भी निरीक्षण किया। बाद में डीसी ने पुंछ स्थित दशनामी अखाड़े का दौरा किया और यात्रियों के लिए आवास, शौचालय, लंगर, स्वच्छता और सुरक्षा सहित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।