पुंछ। उपजिला मेंढर में शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक हुई भारी बारिश से नदी-नालों में बाढ़ आ जाने से सड़कों और पुलियों को भारी नुकसान पहुंचा। इसके चलते छतराल, ठेरा, कालाबन, हटियां, काजियां, मुगलला आदि कई ग्रामीण क्षेत्रों का सड़क मार्ग से संपर्क कट गया है। इससे दिन भर हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों को जरूरी काम के लिए कई किलोमीटर पैदल आवाजाही करनी पड़ी।
क्षेत्र निवासियों ने जिला प्रशासन से जल्दी सड़क सम्पर्क बहाल करवाने और क्षतिग्रस्त पुलियों की जगह पुलों का निर्माण करवाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि ये पुलियां हर वर्ष बाढ़ में इसी प्रकार क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। इस लिए इनका स्थाई हल किया जाए।