पुंछ। 28 जुलाई से शुरू होने वाली श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा को लेकर पुंछ नगर में की जा रही तैयारियों तेज हो गई हैं। एक तरफ जहां यात्रियों की सुरक्षा के लिए यात्रा मैदान और श्री दशनामी अखाड़ा मंदिर के आसपास बीस के करीब वाच टावर और चौकियां स्थापित कर दी गई हैं । वहीं यात्रा मैदान/काॅलेज मैदान में लंगर शैड का निर्माण कार्य पूरा लिया गया है।
यात्रियों के स्वागत के लिए बनाए जाने वाले मंच का कार्य भी 70 प्रतिशत कर लिया गया है। नगरपालिका पालिका की तरफ से यात्रा मैदान में साफ सफाई का कार्य किया जा रहा है। इसको लेकर विश्व हिन्दू परिषद के यात्रा प्रमुख निशु गुप्ता और रोनिक शर्मा का कहना है कि जिला प्रशासन और सभी विभागों की तरफ से श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं। अब यात्रा के लिए सभी प्रकार की तैयारियां तेज कर दी गई है। यात्रा का पहला जत्था 28 जुलाई शाम को पुंछ नगर पहुंचेगा । जहां रात्रि विश्राम के उपरांत 29 जुलाई को श्री बूढ़ा अमरनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन पूजन के लिए जाएगा और शाम को दूसरा जत्था पुंछ पहुंचेगा।