पुंछ। बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही नियंत्रण रेखा पर स्थित पुंछ में सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। इससे उपभोक्ता और दुकानदार दोनों परेशान हैं। लोगों का कहना है कि सब्जियों के दाम पिछले कुछ दिनों से दोगुने-तीगुने हो गए हैं। इसके चलते आम आदमी सब्जियां खरीद भी नहीं पा रहे हैं। वहीं दुकानदारों का कहना है कि हम खुद परेशान हैं। सब्जियां महंगी होने के कारण हम भी ज्यादा माल नहीं मंगवा रहे हैं। बरसात के कारण सब्जियों की पैदावार पर भी असर पड़ा है और जो सब्जी हम जम्मू, पंजाब और दिल्ली से मंगवा रहे हैं वह आधे से अधिक ख़राब निकल रही है। इसके कारण भी दाम काफी अधिक बढ़ गए हैं।
फल एवं सब्जी विक्रेता एसोसिएशन पुंछ के महासचिव सुुनील कुमार का कहना है कि जो टमाटर हम एक हफ्ते पहले 40 रुपये किलो बेच रहे थे। आज वही टमाटर 80 रुपये किलो बिक रहा है। बींस 80 से 120 रुपये, भिंडी, करेला, कद्दू 80 रुपये किलो पहुंच गए हैं।