पुंछ। भारतीय गतका महासंघ के तत्वावधान में जम्मू-कश्मीर गतका संघ की तरफ से शनिवार को गुरुद्वारा हॉल में जिला स्तरीय गतका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता श्री गुरु रामदास सेवा सोसायटी के प्रधान अनमोल सिंह और महासचिव बलबीर सिंह ने की जबकि जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान नरेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि रहे।
इस प्रतियोगिता में अंडर-14, 17, 19, 22 वर्ग के लड़के और लड़कियों ने अपनी गतका प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आगे प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में जिले का नेतृत्व करेंगे। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि हमें इस बात पर बड़ा गर्व है कि गुरु गोबिंद सिंह की तरफ से शुरू किए मार्शल आर्ट गतका को अब राष्ट्रीय स्तर के खेल के रूप में मान्यता मिली है और पुंछ की दो लड़कियों रिधमप्रीत कौर और कोमलप्रीत कौर ने पिछले दिनों में दिल्ली में राष्ट्रीय स्कूल खेलों में गतका में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व कर रजत और कांस्य पदक जीते हैं। इस अवसर जोनल शारीरिक शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र सिंह, विजय कुमार रविंदर बिट्टा, जुगल किशोर भी उपस्थित थे।