पुंछ। जिले में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. परवेज अहमद खान ने जन स्वास्थ्य परामर्श जारी किया है। इसमें नागरिकों से गर्मी से संबंधित बीमारियों को रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।
सीएमओ ने जिले के निवासियों को सलाह दी है कि वे जितना संभव हो सके, हाइड्रेटेड रहें। ढके रहें। खासकर दोपहर 12 बजे से शाम तीन बजे तक तेज धूप के दौरान घर के अंदर रहें। प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ओआरएस) या नींबू पानी, छाछ और फलों के रस जैसे घर के बने पेय का उपयोग करें। ढीले, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और बाहर जाते समय छाते या अन्य सिर ढकने वाले कपड़े का उपयोग करें।
स्थानीय मौसम संबंधी समाचारों से अपडेट रहें और सुबह, शाम ठंडे समय में ही बाहरी गतिविधियों को सीमित रखें। पर्दे और वेंटिलेशन के साथ घर के अंदर ठंडा वातावरण बनाए रखें और बुजुर्ग या बीमार व्यक्तियों की देखरेख करें। शरीर के तापमान को ठंडा रखने के लिए पंखे, स्प्रे बॉटल, नम कपड़े या आई टॉवल का इस्तेमाल करें। परामर्श में नहीं करने योग्य काम भी बताए गए हैं। दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।
गर्मी के चरम घंटों के दौरान नंगे पैर चलने या खाना पकाने से बचें। शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक से बचें। बासी या उच्च प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन न करें।
बच्चों या पालतू जानवरों को पार्क किए गए वाहनों में न छोड़ें, क्योंकि अंदर का तापमान खतरनाक रूप से बढ़ सकता है। सीएमओ ने तेज धूप के दौरान स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने में निवारक देखभाल और सार्वजनिक जागरूकता पर जोर दिया।