पुंछ। भारत-पाकिस्तान के बीच गोलाबारी बंद होने के बाद जिले के नियंत्रण रेखा के आसपास के क्षेत्रों में कई गोले पड़े हैं। पुलिस लोगों को इन गोलों से दूर रहने के लिए जागरूक कर रही है। पुलिस की तरफ से लाउड स्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कर लोगों को जानकारी दी जा रही है।
वहीं एसएसपी पुंछ शफकत हुसैन, एएसपी मोहन शर्मा और एसएचओ पुंछ राशिद अहमद की तरफ से नियंत्रण रेखा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों गुलपुर, दिगवार, खड़ी, करमाड़ा, अजोट, जलास सलोत्री, मनकोट, उछाद, बलनोई, सलवा आदि क्षेत्रों में पहुंच कर लोगों से मुलाकात की गई। उनका हाल चाल जानने के साथ ही लोगों को इधर उधर पड़े पाकिस्तानी गोलों से दूर रहने एवं पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया।
बता दें, हर बार पाकिस्तानी गोलाबारी के बाद बड़ी संख्या में ऐसे गोले रह जाते हैं जो दागे जाने के बाद फटते नहीं हैं। ऐसे गोलों से छेड़छाड़ से उनमें विस्फोट हो जाता है। इससे जानमाल की भारी हानि होती है। इसे देखते हुए पुलिस की तरफ से यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच सेना की तरफ से पाकिस्तानी गोलों को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को सक्रिय कर दिया गया है। इसके चलते बम निरोधक दस्ते ने रविवार को नगर के निकटवर्ती गांव मंगनाड़ में खेतों में पडे़ एक पाकिस्तानी गोले को विस्फोट कर नष्ट कर दिया।