पुंछ। पुंछ जिले में भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित गांव दिगवार तेडवां में शनिवार देर शाम को एक ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। अवैध खनन में लगी ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने पुलिस को देखकर भागते समय बाइक को टक्कर मारी। घायल को डीएसपी हेडक्वार्टर ने अपनी गाड़ी से तत्काल राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार जारी है। घायल युवक की पहचान 18 वर्षीय मोहम्मद आसिफ पुत्र सखी मोहम्मद निवासी दिगवार तेडवां के रूप में हुई है।
युवक के साथी मोहम्मद का कहना है कि शनिवार देर शाम करीब पांच बजे डीएसपी हेडक्वार्टर पुंछ नीरज शर्मा पुलिस दल के साथ नियंत्रण रेखा के दोरे पर थे। जिस दौरान बेतर नदी से अवैध खनन कर रहे ट्रैक्टर ट्राली वाले अपने वाहनों सहित वहां से भागने लगे। इस दौरान नदी किनारे पड़ी कंटीली तारों में ट्रैक्टर ट्राली का बंपर फंस गया। इसके बाद ट्रैक्टर चालक ने सड़क से गुजरते हुए बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार कंटीली तारों में फंस गया। ट्रैक्टर चालक उसे काफी दूर तक घसीटता ले गया। युवक की बाईं टांग तीन जगहों से बुरी तरह कट गई। घायल का उपचार करने वाले डाॅक्टर ताहिर का कहना है कि जरूरत पड़ी तो घायल को किसी बड़े अस्पताल भेजा जा सकता है।