पुंछ। स्कूल शिक्षा विभाग पुंछ की तरफ से मंगलवार को नगर में नशा विरोधी मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में नगर के स्कूलों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। इस मैराथन की अध्यक्षता जिला शिक्षा योजना अधिकारी मुख्तार मन्हास और उप मुख्य शिक्षा अधिकारी मोहम्मद लतीफ चौधरी ने की। जिला विकास उपायुक्त (डीडीसी) पुंछ विकास कुंडल ने अपने कार्यालय के बाहर से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन शैली जीने का संदेश देते हुए दौड़ लगाई।
जिला विकास उपायुक्त कार्यालय से शुरू हुई मैराथन नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची। यहां छात्रों एवं शिक्षकों ने नशे से दूर रहने और अपने साथियों और समुदायों को इसके हानिकारक प्रभावों के बारे में शिक्षित करने की शपथ ली।