पुंछ। पुंछ और राजोरी जिलों को कश्मीर से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड पर रविवार को चार दिन बाद यातायात बहाल कर दिया गया। इसके साथ मार्ग पर दोनों तरफ हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। चार दिन बाद मुगल रोड पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। मुगल रोड पर यातायात बहाल होने की संभावना के चलते रविवार सुबह से ही पुंछ जिले की तरफ से सुरनकोट तहसील के बहराम गल्ला में वाहनों की कतार लग गई थी।
इस बीच पोशाना पुलिस चौकी से मुगल रोड खोलने का संकेत मिलने पर करीब साढ़े दस बजे बहराम गल्ला से छोटे वाहनों को कश्मीर की तरफ छोड़ा गया। जब वाहन पोशाना पहुंचे तो चौकी प्रभारी और उनके साथ तैनात जवानों ने वाहनों की जांच की। उन्होंने चालकों को गति नियंत्रित रखने और पाला जमा होने वाली जगहों पर ब्रेक न लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद वाहन चालकों को आगे जाने दिया। इस बीच कश्मीर की तरफ से भी छोटे एवं हल्के वाहनों को पुंछ की तरफ छोड़ा गया। बता दें, 11 दिसंबर को मुगल रोड पर ताजा बर्फबारी होने के कारण मार्ग को बंद कर दिया गया था।