पुंछ जिले की मंडी तहसील के गांव में हमले से गांव में दहशत
पुंछ। जिले की मंडी तहसील में मंगलवार दोपहर को भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित सावजियां क्षेत्र के गांव सुन्दरी में भालू के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सावजियां के स्वास्थय केन्द्र में प्राथमिक उपचार के उपरान्त देर शाम पुंछ के राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल लाया गया जहां उसका उपचार जारी है। घायल ग्रामीण की पहचान मोहम्मद सादिक पुत्र मोहम्मद अली निवासी सुंदरी के रूप में हुई है। पीड़ित के परिजनों के अनुसार मोहम्मद सादिक गांव के बाहर भेड़ बकरियां चरा रहा था कि भालू ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच भालू ने छह बकरियों को भी घायल कर दिया। हमने बड़ी मुश्किल से भालू को भगाया और इसे वहां से उठा कर सावजियां के स्वास्थय केन्द्र पहुंचाया जहां मरहम पट्टी के बाद हमें पुंछ भेजा गया है। इन लोगों का कहना है कि पूरी मंडी तहसील में भालुओं ने आतंक मचा रखा है लेकिन वाईल्डलाईफ विभाग कुछ नहीं कर रहा है। गौरतलब है कि कि पुंछ जिले की मंडी तहसील में 15 दिनों में भालू के हमले में आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं।