पुंछ। मंडी तहसील के गांव अढ़ाई में शुक्रवार तड़के शार्ट सर्किट से लगी आग में किराना दुकान जलकर राख हो गई। दुकान मालिक को 10 लाख का नुकसान हआ है। घटना के बाद पीड़ित और ग्रामीणों ने प्रशासन से वित्तीय सहायता की मांग की है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के 3-4 बजे के बीच गांव अढ़ाई स्थित शैराज अहमद मलिक की किराना की दुकान में आग लग गई। घटना का पता लगने पर दुकान मालिक और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। घटना स्थल तक सड़क न होने के कारण वहां तक मंडी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी नहीं पहुंच पाई जिसके चलते ग्रामीणों ने दोपहर तक कड़े प्रयासों से आग पर काबू पाया, लेकिन आग से दुकान में रखा सारा सामान जल कर स्वाह हो गया। गांव के लोगों का कहना है कि पीड़ित ने कड़ी मेहनत से दुकान को इस मुकाम तक पहुंचाया था, दुकान में हर तरह का सामान का मौजूद था जोकि आग में जलकर राख हो गया। लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।