पुंछ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि देते
पुंछ। जिले में शुक्रवार को 14 फरवरी 2019 कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 40 से अधिक जवानों को याद किया गया। इस दौरान दोपहर 11 बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पुंछ इकाई की तरफ से नगर के नाखांवाले चौराहे पर स्थित ब्रिगेड प्रीतम सिंह स्मारक पर एक श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया।
इस मौके पर विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों श्रुति खजूरिया, जबरान अहमद और कनव बाली की अगुवाई में कार्यकर्ताओं के साथ अन्य लोगों ने भाग लेते हुए पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके बलिदान को नमन किया। वहीं, शाम तीन बजे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की तरफ से नगर के मुख्य बाजार में पुलवामा के शहीदों की याद में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इसमें दोनों संगठनों के पदाधिकारी निशु गुप्ता, सौरभ सूदन और पंडित गोपाल कृष्ण की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित करते हुए पुलवामा के शहीदों को नमन किया।