पुंछ। जिला मुख्यालय पुंछ नगर में सोमवार को सुबह हल्की-हल्की बारिश के बाद शाम 3 बजे हुई मूसलाधार बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मूसलाधार बारिश से नाखांवाले चौराहे, बस अड्डे और शंकरनगर चौराहे में बारिश से ऐसे हालत बन गए मानों सड़क न होकर गंदे पानी का तालाब हो। यहां एक से डेढ़ फुट गंदा पानी जमा हो गया। इससे पैदल गुजरना तो दूर दोपहिया वाहनों पर आवाजाही करना भी कठिन हो रहा था। इस बीच नगरपालिका ने जेसीबी मशीन लगाकर कुछ स्थानों पर नालों के बंद मुंह खोलने के साथ ही कुछ स्थानों पर नालों से कचरा निकाला। इस बीच आज की मूसलाधार बारिश से जिले में मौसम का मिजाज भी बदल गया। मौसम में हल्की ठंड का एहसास होने से ही अधिकतर लोगों को पंखें तक बंद करने पडे़ हैं।