-कई किमी दूर तक सुनाई दे रही धमाकों की आवाज
-सीमा पार लगाई गई आग भारतीय क्षेत्र में पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। मेंढर के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर जंगलों में रविवार देर शाम आग लग गई। आग की चपेट में दर्जनों बारूदी सुरंगें आ गईं। इन सुरंगों में एक-एक कर कई भीषण धमाके हुए। इन धमाकों की गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर से नजर आ रहा था। सेना व वन विभाग सतर्क हो गए हैं। आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। देर रात तक धमाकों की आवाज सुनाई दे रही थी।
सूत्रों के अनुसार,यह आग नियंत्रण रेखा के उस तरफ पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र से लगाई गई थी, जो देर शाम सात बजे तक नियंत्रण रेखा के इस पार पहुंच गई। बडी संख्या में नियंत्रण रेखा पर भारतीय क्षेत्र के जंगलों को चपेट में ले लिया। गौरतलब है कि इससे चार दिन पूर्व भी मेंढर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र से लगाई गई आग ने इस पार के जंगलों में भारी तबाही मचाई थी। आग को सेना और वन विभाग के कर्मचारियों ने बुझाया था।