जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के बफलियाज सेंट्रल मार्केट में तड़के लगी भीषण आग में लगभग एक दर्जन दुकानें जलकर खाक हो गईं, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में रविवार तड़के एक भीषण आग लगने की घटना में लगभग एक दर्जन दुकानें जलकर खाक हो गईं। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, यह आग सुबह करीब 5 बजे मुगल रोड के बफलियाज सेंट्रल मार्केट में लगी, जहां अधिकतर दुकानें लकड़ी और टिन से बनी हुई थीं। आग ने तेजी से फैलते हुए आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने सबसे पहले आग बुझाने का प्रयास किया जिसके बाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के अनुसार, आग पर लगभग 30 मिनट के भीतर काबू पा लिया गया बड़ा नुकसान होने से बच गया।
विज्ञापन
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग तेजी से फैल गई। वहीं स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि समय पर फायर ब्रिगेड की पर्याप्त मदद नहीं मिलने से नुकसान बढ़ गया।
ग्रामीणों ने इस क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके। साथ ही प्रभावित व्यापारियों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता देने की अपील की है।