पुंछ। वाइल्ड लाइफ विभाग ने शनिवार को जिले के गांव शींदरा में मादा तेंदुआ और शावक देखने की सूचना मिलने के बाद दिनभर गांव और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। मगर दिनभर चले इस अभियान के दौरान उन्हें मादा तेंदुआ और शावक नहीं मिले।
इस दौरान ग्रामीणों ने विभाग के कर्मचारियों को मोबाइल से लिए शावक के फोटो दिखाए। इसके बाद विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को बताया कि तेंदुए का नहीं जंगली बिल्ली के बच्चे का फोटो है। जानकारी के अनुसार गांव शींदरा के लोगों ने विभाग को गांव में स्थित प्राकृतिक जलाशय के पास दो शावक देखने की सूचना मिली है। इससे क्षेत्र में मादा तेंदुए के होने की भी आशंका है, जिसके चलते ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। लोग विशेष कर महिलाएं एवं बच्चे पानी भरने भी नहीं जा रहे हैं। इस पर विभाग के अधिकारी सुमित कुमार की अगुवाई में वाइल्ड लाइफ विभाग का एक दल गांव शींदरा पहुंचा। जहां उन्होेंने कुछ स्थानों पर कुछ पांव के निशान देखे और उसके बाद पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाते हुए दिनभर झाडि़यों एवं बड़े बड़े पत्थरों को खंगाला। संवाद