पुंछ। जिले के शंकर नगर में बिजली विभाग ने रविवार को बकायादारों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 35 कनेक्शन काट दिए। यह कार्रवाई एईई (असिस्टेंट एग्जिक्यूटिव इंजीनियर) मोहम्मद अफजल के नेतृत्व में की गई। इसमें बिजली बिलों के भारी बकायादारों (जिन पर 20,000 रुपये से लेकर दो लाख तक का बकाया था) के कनेक्शन काटकर उनकी सर्विस लाइन जब्त कर ली गई।
बकाया नहीं चुकाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एईई मोहम्मद अफजल ने स्पष्ट किया कि बकाया नहीं चुकाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बकायादारों से जल्द से जल्द बिजली बिल का भुगतान करने की अपील की और कहा, हमें उच्च अधिकारियों से स्पष्ट निर्देश हैं कि बिजली बिलों का बकाया हर हाल में वसूला जाए। किसी भी बड़े बकायादार को बख्शा नहीं जाएगा।
पुंछ नगर में 2.5 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया
मोहम्मद अफजल ने बताया कि अकेले पुंछ नगर में ही 2.5 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है, जिसे वसूलने का लक्ष्य तय किया गया है। विभाग की ओर से बकाया वसूली के लिए आगे भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे और बिल न चुकाने वालों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई जारी रहेगी।